सुजानपुर (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पटलांदर में शुक्रवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मां सरस्वती की पूजा और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी और स्कूल की साल भर की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्कूल की उपलब्धियों से अभिभावकों को अवगत करवाया। बच्चों ने कार्यक्रम के दौरान नृत्य की प्रस्तुति देकर सभी अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, नशा मुक्ति, देश की आन-बान और शान देश के वीर जवानों को याद करते हुए नृत्य और नाटक पेश कर दर्शकों का मनोरंजन किया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चों, अध्यापकों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्कूली शिक्षा ही बच्चों के उज्जवल भविष्य का निर्माण करती है। इसलिए अभिभावकों और अध्यापकों का दायित्व इस समय और अधिक बढ़ जाता है। स्कूली शिक्षा का समय ही सही समय होता है जिस समय बच्चे अपना लक्ष्य निर्धारित करते हैं और आगे चलकर उन्हें पूरा करते हैं। संबोधन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री धूमल ने बच्चों को पारितोषिक वितरित किए और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में महामंत्री अनिल शर्मा, उपाध्यक्ष प्यार चंद, मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर, प्रधान शर्मिला राणा, महेंद्र शर्मा, ग्राम केंद्र अध्यक्ष कैप्टन रमेश कैप्टन, आत्माराम, रोशनलाल कौंडल, पीसी चौहान, सुभाष चंद और सूबेदार ओम प्रकाश उपस्थित रहे।