{"_id":"581e138d4f1c1b903b436187","slug":"sampling-on-one-complaint","type":"story","status":"publish","title_hn":"अब शिकायत पर तत्काल भरे जाएंगे राशन के सैंपल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अब शिकायत पर तत्काल भरे जाएंगे राशन के सैंपल
अमर उजाला ब्यूरो , हमीरपुर।
Updated Sat, 05 Nov 2016 10:45 PM IST
विज्ञापन
एक एक शिकायत पर भी खाद्य आपूर्ति विभाग डिपुओं से राशन के सैंपल भरेगा। इससे उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता का राशन मुहैया करवाना सुनिश्चित किया जा सकेगा। इतना ही नहीं विभाग डिपुओं के बाहर संबंधित विभाग और खाद्य आपूर्ति मंत्री के मोबाइल नंबर अंकित होने की भी जांच करेगा। नंबर प्रदर्शित न करने वाले डिपो धारकों के खिलाफ विभाग कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगा।
विज्ञापन
उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता का राशन मुहैया करवाने को खाद्य आपूर्ति मंत्री जीएस बाली ने मुहिम शुरू की है। इसके तहत प्रत्येक डिपो के बाहर संबंधित विभाग और खाद्य आपूर्ति मंत्री का नंबर होना अनिवार्य है। इससे उपभोक्ता डिपो होल्डर या राशन संबंधी शिकायत संबंधित विभाग या खाद्य आपूर्ति मंत्री से कर सकें। लेकिन, अधिकतर डिपो होल्डरों ने यह नंबर प्रदर्शित नहीं किए हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज करवाने में परेशानी आ रही है।
विज्ञापन
ऐसे में विभाग ने खाद्य आपूर्ति मंत्री के आदेशों पर संबंधित डिपो होल्डरों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। विभाग जल्द ही जिलाभर के सभी डिपुओं का औचक निरीक्षण करेगा। इतना ही नहीं इस दौरान अगर किसी भी उपभोक्ता की शिकायत आती है तो संबंधित डिपो से राशन के सैंपल भी भरे जाएंगे। अब तक विभाग शिकायत पर सैंपल नहीं भरता था। एक माह में आठ गोदामों से महज पांच से सात सैंपल लिए जाते रहे हैं।
विज्ञापन
उधर, एफएसओ प्रताप सिंह ठाकुर का कहना है कि हर माह गोदामों से सैंपल भरे जाते हैं। अगर कोई उपभोक्ता विभाग को शिकायत करता है तो संबंधित डिपो से भी राशन के सैंपल भरे जाएंगे।