हमीरपुर। बदलते मौसम के साथ लोग वायरल की चपेट में आ रहे हैं। बरसात के मौसम में उमस रहती है, लेकिन अब तापमान में गिरावट के कारण सुबह-शाम के समय ठंड हो रही है। सर्द-गर्म होने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के मेडिसन वार्ड के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। बदलते मौसम के कारण जुकाम, बुखार, गले में दर्द आदि के मरीज पहुंच रहे हैं। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज में सबसे ज्यादा ओपीडी मेडिसिन विभाग की है। यहां एक दिन की ओपीडी 400 के करीब है। इसमें आजकल 150 से ज्यादा मरीज वायरल के ही आ रहे हैं। वहीं, और लोग अन्य बीमारियों से पीड़ित आ रहे हैं।
डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में दूरदराज के क्षेत्रों से लोग इलाज करवाने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सबसे ज्यादा मरीज मेडिसिन ओपीडी के बाहर होते हैं। मरीजों सुनैना, अक्षय, मुकुल, संतोष, विक्रम, सुमित्रा, रुचि, साक्षी आदि ने कहा कि वे जुकाम, बुखार से पीड़ित हैं और अस्पताल में दवाई के लिए पहुंचे हैं। बदलते मौसम के कारण अधिक बीमार हो रहे हैं। दिन में तेज धूप व रात को हल्की ठंड होने के कारण बीमार पड़ रहे हैं। इस बारे में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि अस्पताल में हर तरह के मरीज आते हैं और सभी का इलाज किया जाता है।