हमीरपुर। तहसील टौणी देवी के गांव बारीं के बाशिंदे गांव के बीच से गुजर रही 220 केवी डबल सर्किट एचटी लाइन के विरोध में शुक्रवार को उपायुक्त हमीरपुर से मिले। ज्ञापन सौंपकर ग्रामीणों ने इस लाइन का विरोध जताया। लोगों ने कहा कि यदि कंपनी ने काम जारी रखा तो वे धरना प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। एचटी लाइन गांव के बीच से गुजरने से ग्रामीणों को कई गंभीर समस्याओं से जूझना पड़ेगा। गांव से गुजर रही यह 220 केवी डबल सर्किट एचटी लाइन पट्टी से हमीरपुर तक बिछाई जा रही है। इसका कार्य जून 2020 में शुरू हुआ। जैसे ही टावर नंबर 153, 154 व 155 का कार्य गांव में शुरू हुआ, ग्रामीणों ने कंपनी के ठेकेदार के खिलाफ विरोध दर्ज करवाया। ठेकेदार ने ग्रामीणों की कोई बात नहीं मानी तथा कहा कि तुम एचटी लाइन बिछाने के काम को नहीं रोक सकते। विरोध के बावजूद कंपनी का काम जारी है। गांव के घरों के पास एचटी लाइन बिछने से इलेक्ट्रो मेग्नेटिक तरंगें पैदा होंगी।
जिससे ग्रामीणों को कई गंभीर एवं घातक बीमारियों से जूझना पड़ेगा। एचटी लाइन घरों के आसपास से गुजरने से ग्रामीणों की जिंदगी को खतरा पैदा हो रहा है। जिस क्षेत्र से टावर लाइन गुजर रही है, उस क्षेत्र के आसपास की भूमि की कीमत भी कम हो रही है। जिससे ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसी तरह का मामला हाल ही में सुंदरनगर में भी सामने आया है। लोगों के विरोध के बाद हिमाचल सरकार ने एचटी लाइन अंडरग्राउंड करने के आदेश जारी कर दिए हैं और इन आदेशों की पालना भी शुरू हो चुकी है। इन कारणों से एचटी लाइन को घरों के ऊपर या आसपास से गुजरने पर तुरंत रोक लगाई जाए। यदि कंपनी ने गांव में लाइन बिछाने का काम जारी रखा तो ग्रामीण ब्लॉक स्तर पर या फिर जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करने को विवश होंगे। लोगों में ऊषा रानी, विद्या देवी, रोशन लाल, रीना देवी, संजीव कुमार, कुशला देवी, अंजना कुमारी, पूजा देवी, रंजना देवी, शशि कुमारी, कंचना देवी, रीना देवी सहित अन्य ने इस कार्य को रुकवाने की मांग की है। इस मौके पर स्थानीय पंचायत प्रधान रविंद्र ठाकुर सहित अन्य मौजूद रहे।