आयुष शर्मा मिस्टर फेयरवेल और हेमा भट्ट बनी मिस फेयरवेल
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) हमीरपुर में वीरवार को अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में संस्थान के विभागाध्यक्ष पुनीत बंटा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि जीवन में किसी भी मंजिल को पाने के लिए मेहनत सबसे जरूरी होती है। विद्यार्थियों को जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए कड़ा परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने कई बड़ी कंपनियों में प्लेसमेंट के लिए डिप्लोमा इन फूड एंड बिवरेज और क्राफ्ट कोर्स इन फूड प्रोडक्शन के विद्यार्थियों को बधाई भी दी। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। हिमाचली नाटी मुख्य आकर्षण रहीं। इसमें आयुष, सुमित, अनिरुद्ध, पारस, आदित्य, प्रांजल, अश्वनी, द्विज, अभिनव और अन्य विद्यार्थियों ने भाग लिया। हिमाचली नाटी के बाद पंजाबी भंगड़ा की भी काफी धूम रही। आयुष शर्मा को मिस्टर फेयरवेल और हेमा भट्ट को मिस फेयरवेल चुना गया। इस अवसर पर संस्थान के प्रशासन लेखा अधिकारी पीयूष ठाकुर, वरिष्ठ लेक्चरर रोमी शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।