नादौन। नगर पंचायत नादौन में स्वच्छ भारत मिशन के तहत सरकार के तय शुल्क को कुछ दुकानदार नहीं चुका रहे हैं। सरकार के निर्देश पर नपं ने प्रति दुकानदार 100 रुपये सर्विस चार्ज हर महीने तय किया है। परंतु कुछ दुकानदारों ने सर्विस चार्ज देने से इनकार कर दिया है। इस बारे में नगर पंचायत जल्द ही व्यापार मंडल नादौन से चर्चा कर आगामी निर्णय लेगी। यह बात नगर पंचायत नादौन की बैठक में बुधवार को प्रधान रीना देवी ने कही। कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि इस दौरान दो मुख्य मुद्दों पर चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि यह शुल्क सरकार ने तय किया है। जिस की अदायगी हर दुकानदार को करनी होगी। बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार व्यापार मंडल को इस बारे अवगत करवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत कार्यालय परिसर में प्रशासन ने अस्थायी पार्किंग बनाई है। इस पार्किंग को नगर पंचायत को सौंपने पर चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन इस पार्किंग को नगर पंचायत को सौंपता है तो यहां उचित पार्किंग स्थल बनाकर पार्किंग फीस का प्रावधान किया जाएगा। इस बारे एसडीएम से स्वीकृति के लिए आवेदन किया जाएगा। बैठक में उपाध्यक्ष मनोरमा देवी, पार्षद शम्मी सोनी, सोहनलाल, संतोष कुमारी, अंजना कुमारी, सुनीता देवी, मनोज कुमार, योगराज, श्याम सोनी सहित स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।