हमीरपुर। भाजपा समर्थित पार्षद मनोज कुमार को नगर परिषद हमीरपुर का 19वां अध्यक्ष चुना गया है। जबकि निर्दलीय पार्षद संदीप कुमार को नगर परिषद का 14वां उपाध्यक्ष चुना गया है। सोमवार को दोनों पदाधिकारियों का चयन पार्षदों की सर्वसहमति से हुआ। इससे पूर्व नगर परिषद हमीरपुर के चुने हुए सभी 11 प्रत्याशियों ने पार्षद पद की शपथ ग्रहण की।
एसडीएम हमीरपुर डॉ. चिरंजी लाल चौहान ने सभी नवनिर्वाचित प्रत्याशियों को शपथ दिलाई। वार्ड नंबर एक से नीना चौधरी, वार्ड नंबर दो से राजकुमार, वार्ड नंबर तीन से डिंपल बाला, वार्ड नंबर चार से संदीप कुमार, वार्ड नंबर पांच से राधा रानी, वार्ड नंबर 6 से सुदेश कुमारी, वार्ड नंबर 7 से मनोज कुमार, वार्ड नंबर 8 से विनय कुमार, वार्ड नंबर 9 से पुष्पा शर्मा, वार्ड नंबर 10 से डॉ. सुशील कुमार और वार्ड नंबर 11 से वकील सिंह ने पार्षद पद की शपथ ग्रहण की। इसके बाद नप अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चयन के लिए एसडीएम ने उन्हें एक घंटे का समय दिया। नगर परिषद के कुल 11 वार्ड हैं। जिसमें भाजपा समर्थित 5 पार्षद, कांग्रेस के 2 और निर्दलीय 4 पार्षद हैं। भाजपा को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए 6 पार्षदों का बहुमत चाहिए था। जिसके चलते भाजपा ने वार्ड नंबर 4 से निवर्तमान उपाध्यक्ष दीप कुमार बजाज को पराजित करने वाले निर्दलीय संदीप कुमार को उपाध्यक्ष पद सौंपकर अपने साथ मिला लिया। हालांकि संदीप कुमार शहरी भाजपा के उपाध्यक्ष भी हैं। लेकिन पार्टी का समर्थन न मिलने के कारण वह निर्दलीय चुनाव में उतरे और जीत हासिल की। इस मौके पर नप के ईओ किशोरी लाल, निवर्तमान उपाध्यक्ष दीप बजाज, निवर्तमान पार्षद अनिल सोनी, राजेश चौधरी, अनिल चौधरी समेत अन्य मौजूद रहे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने अपने समर्थकों के साथ शहर में ढोल-नगाड़ों के साथ रोड शो भी निकाला।