बड़ा (हमीरपुर)। अयोध्या में श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के चलते नादौन के कस्बा बड़ा के प्रसिद्ध राम मंदिर में सुबह 11 बजे त्रिकुंडीय हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। हवन यज्ञ में करीब 125 किलो हवन सामग्री का इस्तेमाल किया गया। बड़ा के राम मंदिर में त्रिकुंडीय हवन यज्ञ के अतिरिक्त 100 किलो लड्डू और 51 किलो का सूजी का प्रसाद बांटा गया। इसके अतिरिक्त 16,000 से अधिक दीपों से अलग-अलग कृतियां बनाईं गईं।
बड़ा में सुबह 10 बजे से लेकर शाम तक लोगों की भीड़ जमा रही। शाम के समय कीर्तन किया गया। इसमें स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। लोगों ने दिवाली समझकर ही इस दिन को प्रभु भक्ति में लीन कर लिया। इस मंदिर के प्रति लोगों की इसलिए भी आस्था अधिक है क्योंकि पिछले 52 सालों से इस स्थान पर श्रीराम क्लब बड़ा शरद नवरात्रों में रामलीला का मंचन कर रहा है। सोमवार को भी नवरात्रों की तरह छोटे बच्चों की श्री राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की झांकी निकाली गई।