हमीरपुर। मकर संक्रांति और लोहड़ी पर्व को लेकर जिलेभर में दुकानें सजना शुरू हो गई हैं। इस बार जिला मुख्यालय के बाजार में अलसी की रेवड़ियों की खासी डिमांड देखने को मिल रही है। तिल की रेवड़ियों के बजाए अलसी की रेवडियां दुकानों में अधिक बिक रही हैं। खास बात यह है कि यह रेवडियां सेहत की दृष्टि से अच्छी हैं।
बाजार में जगह-जगह मूंगफली, गजक, रेवड़ियों, पॉपकॉर्न की रेहड़ियां सज गई हैं। बाजार में सामान की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। लोग दुकानों में जाकर मिठाइयां और त्योहार का अन्य सामान खरीद रहे हैं। मिठाइयों के साथ-साथ कपड़ों की दुकानों पर भी वेलवेट के सूटों की बड़ी मांग है। लोग अपनी बेटियों के लिए सूटों की भी खरीदारी कर रहे हैं। बीत वर्ष की अपेक्षा इस बार मूंगफली, गजक, रेवड़ियों के दामों में बढ़ोतरी हुई है। इस बार बाजार में लोगों को मूंगफली, गजक, रेवड़ियां 10 से 20 रुपये महंगी मिल रही हैं। बाजार में तिल के लड्डू 300 रुपये किलोग्राम मिल रहे हैं। जबकि, पिछले वर्ष इनकी कीमत 250 रुपये थी। पॉपकोर्न के पैकेट 15 से 30 रुपये में बिक रहे हैं जबकि पिछले साल इनकी कीमत 10 से 20 रुपये थी। शहर के बाजार में मूंगफली अलग-अलग दामों में बिक रही है। दुकानदार गुणवत्ता का तर्क देकर इसे अपने अपने दामों पर बेच रहे हैं। पूर्व में जहां मूंगफली 130 रुपये किलो थी अब 180 रुपये किलो, गजक 40 रुपये से 60 रुपये पैकेट, रेवड़ियां 100 रुपये से 200 रुपये पैकेट, सफेद तिल 250 रुपये से 300 रुपये किलो, देसी चावल 70 रुपये से 100 रुपये किलो बिक रहे हैं। दुकानदारों अश्वनी, राजेश, राकेश, विजय, अंश गौतम आदि ने कहा कि लोहड़ी को लेकर मूंगफली, लड्डू व गजक की खरीदारी शुरू हो गई है। आने वाले दो दिनों में ज्यादा खरीदारी होने की संभावना है।