रंगस (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन की ग्राम पंचायत रैल के तहत मनरेगा कामगारों ने लोक निर्माण विभाग पर दिहाड़ी के पैसे की अदायगी नहीं करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मई में उन्होंने मनरेगा के तहत सड़क निर्माण कार्यों में दिहाड़ी लगाई थी, लेकिन विभाग की ओर से छह माह बीत जाने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया है।
महिला कामगारों निशा कुमारी, सुषमा देवी, सुनीता, अनीता कुमारी, इंदिरा रानी और मोनिका कुमारी आदि ने बताया कि अपने घर से करीब पांच से सात किलोमीटर की दूरी तक सड़क रतियां, फतेहपुर और रैल से पुतड़ियाल बस के माध्यम से या फिर कई बार पैदल चलकर दो मई से लेकर 17 मई तक सुबह नौ बजे से लेकर शाम पांच बजे तक कड़कती धूप में मजदूरी की है, लेकिन इतना लंबा अरसा बीत जाने के बाद भी दिहाड़ी के पैसे अदा नहीं किए गए हैं। विभाग को कई बार पैसे देने के बारे में आग्रह किया जा चुका है फिर भी विभाग आनाकानी कर रहा है। सात दिन के भीतर दिहाड़ी के पैसे नहीं मिलने पर लोक निर्माण विभाग कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इस बारे में लोक निर्माण विभाग उपमंडल नादौन के सहायक अभियंता देशराज भाटिया ने कहा कि मामला ध्यान में आया है । कार्य का सेल्फ डीआरडीए हमीरपुर के कार्यालय में पहुंच चुका है। स्वीकृति मिलने पर शीघ्र ही महिला कामगारों के दिहाड़ी के पैसे दे दिए जाएंगे।