बिझड़ी (हमीरपुर)। उत्तरी भारत के सिद्धपीठ सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर में चैत्र मेले को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मंदिर में मेले के दूसरे दिन 60 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए। एक माह तक आधिकारिक रूप से ये मेले चलते हैं, हालांकि जून तक श्रद्धालुओं की खासी भीड़ देखने को मिलती है। देश विदेश से श्रद्धालु बाबा के दरबार में शीश नवाने के लिए पहुंचते हैं। इस बार भी मेले के शुरुआती दिनों में ही श्रद्धालुओं की खासी भीड़ देखने को मिल रही है।
शुक्रवार के दिन मंदिर में हुई चढ़ावे की गणना में 51,09,399 रुपये अर्जित किए गए। चढ़ावे के रूप में 36 लाख 74 हजार 569 रुपये जबकि दान के रूप में 14 लाख 34 हजार 830 रुपये प्राप्त हुए। इसके अलावा बहुमूल्य धातुओं में सोना 10 ग्राम, चांदी 252 ग्राम के रूप में प्राप्त हुई। जबकि विदेशी मुद्राओं में इंग्लैंड पाउंड 80, यूएसए डॉलर 1312, यूरो 280, कनाडा डॉलर 945, ऑस्ट्रेलिया डॉलर 80, यूएई दिरम 1355,न्यूजीलैंड डॉलर 20, बहरीन दीनार 97 चढ़ावे के रूप में चढ़े। प्रत्येक वर्ष चैत्र मेले के दौरान बाबा बालक नाथ मंदिर ट्रस्ट को करोड़ों रुपये का चढ़ावा चढ़ता है। इस बारे में मंदिर अधिकारी धर्मपाल नेगी ने कहा कि मंदिर में चैत्र मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए न्यास की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। दूसरे दिन हुई चढ़ावे की गणना में मंदिर में 51,09,399 रुपये अर्जित हुए हैं। एक माह तक चलने वाले मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन करने पहुंचते हैं।