हमीरपुर। जिला मुख्यालय के मुख्य बाजार निजी वाहनों का पार्किंग अड्डा बन गया है। हालात ऐसे हैं कि मुख्य सड़कों पर प्रतिदिन निजी वाहन पार्क हो रहे हैं लेकिन प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। मुख्य बाजार में सड़कों पर जगह-जगह वाहनों के खड़े होने से राहगीरों सहित दुकानदारों को काफी दिक्कतों का समाना करना पड़ रहा है। बाजार में वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध न होने से वाहन चालक अपनी मर्जी से बाजार में वाहनों को पार्क कर रहे हैं। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों अश्वनी कुमार, प्रेमलता, प्रदीप वर्मा, मोहन लाल, आशीष शर्मा, मुन्ना वर्मा, हितेश राणा आदि ने कहा कि सप्ताह के प्रत्येक दिन बाजार में निजी वाहन खड़े रहते हैं। वाहनों को पार्क करने के लिए उपायुक्त कार्यालय परिसर में पार्किंग की सुविधा है लेकिन कुछ चालक बाजार में अपनी मर्जी के अनुसार वाहन पार्क करके चले जाते हैं। इससे बाजार में सामान उतारने आने वाले मालवाहक वाहन चालकों को काफी दिक्कत झेलनी पड़ती है। सुबह और शाम के समय बाजार में समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है। उन्होंने प्रशासन से समस्या का समाधान करने की मांग की है। ट्रैफिक इंचार्ज हमीरपुर राजकुमार ने कहा कि नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के चालान किए जाएंगे।