ताल (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत धरोग और धलोट की सीमाओं पर बना गसोती पुल इन दिनों कचरा फेंकने का ठिकाना बन गया है। लोग आए दिन सुबह-शाम, रात को अपने घर के कचरे को गसोती खड्ड में डाल रहे हैं। इससे खड्ड का पानी दूषित हो रहा है और क्षेत्र में गंभीर महामारी फैलने का खतरा बना हुआ है। हालांकि, खड्ड पर महज 200 मीटर की दूरी पर जल शक्ति विभाग की पेयजल योजना है।
इस योजना से सैकड़ों घरों के लोग पानी का इस्तेमाल करते हैं। स्थानीय लोगों महेंद्र सिंह, रविंद्र कुमार, सोहन सिंह, अनूप कुमार, प्रीतम सिंह आदि ने कहा कि खड्ड में कूड़ा कचरा आदि जमा होने से अब यह खड्ड दिन प्रतिदिन दूषित होती जा रही है। इससे लोगों को अनेक बीमारियों की चपेट में आने का भय सता रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों को समस्या के बारे में शिकायत भी की है परंतु अभी तक इसका कोई स्थायी हल नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि खड्ड पर पंचायत की ओर से चेतावनी बोर्ड तक नहीं लगाया है। यहां प्रतिदिन कचरे के ढेर लग रहे हैं। इस बारे में धरोग पंचायत के प्रधान चंद्रशेखर शर्मा ने कहा कि मामला ध्यान में है। जल्द ही उक्त स्थान पर एक सूचना बोर्ड लगा दिया जाएगा और कूड़ा कर्कट फेंकने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्राम पंचायत धलोट की प्रधान ज्योति देवी ने कहा कि पुल के पास पंचायत की से शीघ्र ही सूचना बोर्ड लगवाया जाएगा व कचरा फेंकने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।