नादौन। जिला खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपमंडल नादौन में शुक्रवार को 49 सैंपल भरे। इस दौरान विभाग ने नादौन शहर में मोबाइल वैन लगाई थी। जिसमें कोई भी व्यक्ति खाद्य पदार्थों की जांच करवा सकता था। विभाग की जांच में ये सभी सैंपल सही पाए गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मधु बाला की अगुवाई में टीम ने नादौन में तेल, जूस, पानी, चटनी, खोया और पनीर के सैंपल भरे। इन सैंपलों की गुणवत्ता की जांच मोबाइल वैन में की गई। वहीं, सैंपलिंग में सभी 49 सैंपल ठीक पाए गए। इसके अलावा एफएसओ ने दुकानों में औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों नूडल्स और चॉकलेट के सैंपल जांच के लिए भरे हैं।
विभाग की टीम में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी मधु बाला, फूड एनालिस्ट अक्षय कुमार व लैब अटेंडेंट चंदन कुमार, बीईओ संदीप आदि मौजूद रहे। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी मधु बाला ने कहा कि नादौन में शुक्रवार को 49 सैंपल भरे गए, जिसमें सभी सैंपल ठीक पाए गए हैं। विभाग सभी जगह समय समय पर खाद्य पदार्थों के सैंपल भर रहा है, ताकि कोई भी खराब वस्तु बाजार में न बेची जा सके। दुकानदार दुकानों में सफाई का विशेष ध्यान रखें और सही सामग्री का उपयोग करें।