हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के सौजन्य से रविवार को जिले के पांच परीक्षा केंद्रों में डीएलईडी प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। जिले के सैकड़ों अभ्यर्थियों ने इस प्रवेश परीक्षा में भाग लिया। जबकि, प्रदेश के सभी जिलों और ब्लॉकों में करीब 19765 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी हुए थे। जिले में पांचों तहसील मुख्यालयों के स्कूलों में प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। इनमें जिला मुख्यालय में राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर, बड़सर में रावमापा बड़सर, भोरंज में रावमापा भोरंज, नादौन में रावमापा बाल नादौन और सुजानपुर स्कूल में यह परीक्षा आयोजित हुई।
परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित हुई। इसके लिए सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों और अभिभावकों की भीड़ लगना शुरू हो गई। उधर, जिला मुख्यालय के परीक्षा केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर में 417 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 46 अभ्यर्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे। जबकि शेष 371 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। बाल स्कूल हमीरपुर की प्रधानाचार्य मंजू ठाकुर ने कहा कि परीक्षा केंद्र में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुई।