हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर की मासिक बैठक का आयोजन शुक्रवार को नप अध्यक्ष मनोज कुमार मिन्हास की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान एक करोड़ पंद्रह लाख के विकास कार्य सभी 11 वार्डों में स्वीकृत किए गए। लंबे समय से चल रही स्ट्रीट लाइट की डिमांड पर 140 लाइटें आ गई हैं और शेष बची 80 लाइटें नगर परिषद में लाई जाएंगी, जो जल्द ही सभी जरूरी स्थानों पर लगा दी जाएंगी। साथ ही सभी सफाई ठेकेदारों को भी निर्देश दिए गए हैं कि स्वच्छता के मामले में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। सर्व सहमति से यह भी निर्णय लिया गया कि पात्र निर्धन परिवारों का जल्द ही सर्वे शुरू किया जाएगा और पात्र परिवारों को सुविधाएं मिलें, यह सुनिश्चित किया जाएगा। जो लोग 31 मार्च से पहले अपना हाउस टैक्स जमा करवाएंगे, उन्हें 10 फीसदी छूट दी जाएगी।
इसके साथ ही वार्ड 7 में गांधी चौक का सौंदर्यीकरण करने के लिए 3.30 लाख की डीपीआर तैयार की गई है और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया करके कार्य शुरू हो जाएगा। वार्ड 2 में नगर परिषद के विश्राम गृह की मरम्मत के लिए 4.40 लाख रुपये का बजट पारित किया गया। मरम्मत का कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। सभी वार्डों के विकास कार्य सुचारु रूप से क्रियान्वित होंगे। इस मौके पर ईओ किशोरी लाल ठाकुर, नप के उपाध्यक्ष संदीप भारद्वाज, विनय कुमार, डिंपल बाला, नीना चौधरी, सुदेश आनंद, पुष्पा देवी, सुशील शर्मा, वकील सिंह, राज कुमार, राधा रानी, मनोनित पार्षद विपिन शर्मा, मनीष पुरी समेत अन्य पार्षद भी मौजूद रहे।