हमीरपुर। जिला हमीरपुर ने पिछले एक सप्ताह से घने कोहरे की चादर ओढ़ रखी है। रोजाना सुबह 10 बजे के बाद ही सूरज देवता दर्शन दे रहे हैं। सुबह और शाम को तापमान में भारी गिरावट के कारण कड़ाके की ठंड ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। भारी ठंड के कारण जहां लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
वहीं, इसका सीधा असर कारोबार पर भी पड़ रहा है। अकसर रात को 10 बजे बंद होने वाले प्रमुख बाजार आजकल शाम साढ़े पांच और छह बजे ही बंद हो रहे हैं। सुबह के समय भी बाजार में लोगों की आवाजाही न के बराबर है। ठंड की वजह से दुकानदारों के कारोबार पर काफी फर्क पड़ रहा है। शादियों का सीजन खत्म होने के चलते भी बाजार में ग्राहकों की भारी कमी है। उधर, रजनीश कपिल, सुभाष कपिल, नवनीत बत्ता, विपुल गुप्ता, अश्वनी जगोता और सन्नी वर्मा ने कहा कि पिछले एक सप्ताह से सुबह के समय घना कोहरा रहता है। जिसकी वजह से ठंड बढ़ गई है। लोग ठंड से ठिठुर रहे हैं।