हमीरपुर। जिले में तीन अप्रैल तक 56 हजार 241 लोगों को कोरोना वैक्सीन लग चुकी है। जिला स्वास्थ्य विभाग ने कुल 90 हजार लोगों को टीकाकरण का प्रथम लक्ष्य रखा है। शनिवार को जिला में एक ही टीकाकरण सत्र का आयोजन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में किया गया। यहां 369 लाभार्थियों ने वैक्सीन लगवाई। अकेले मेडिकल कॉलेज में ही छह हजार लोग वैक्सीन लगवा चुके हैं।
रविवार को जिला में मेडिकल कॉलेज के दो और सभी छह खंडों में टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। वहीं, सोमवार को मेडिकल कॉलेज समेत पीएचसी और सीएचसी में टीकाकरण होगा। स्वास्थ्य उपकेंद्रों में मंगलवार, वीरवार और शनिवार को टीकाकरण होगा। अभी तक जिल 56241 लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। इनमें से पहली डोज लेने वाले 5885 और दूसरी डोज लेने वाले 4028 स्वास्थ्य कार्यकर्ता शामिल हैं। वहीं 2590 फ्रंटलाइन वर्कर्स ने पहली और 1549 ने दूसरी डोज ली है। 41949 वरिष्ठ नागरिकों ने पहली और 240 ने दूसरी डोज ली है। हालांकि विभाग के पास वैक्सीन लगाने के लिए 6791 हेल्थकेयर वर्कर्स और 44465 वरिष्ठ नागरिक पंजीकृत हैं। इसके अलावा 3488 फ्रंटलाइन वर्कर्स ने पंजीकरण करवाया है। सीएमओ डॉ. अर्चना सोनी ने कहा कि तीन अप्रैल तक जिले के 56 हजार 241 लोगों ने कोरोना वैक्सीन लगवाई है। 90 हजार लोगों को टीकाकरण का प्रथम लक्ष्य रखा है।