एचपीटीडीसी: हिमाचल में पर्यटन विकास निगम के होटलों में होगी करंसी एक्सचेंज, विदेशी सैलानियों को मिलेगा फायदा
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) ने अपने होटलों, रेस्टोरेंट और कैफे में करंसी एक्सचेंज की सुविधा शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है।
विस्तार
हिमाचल आने वाले विदेशी पर्यटकों के लिए प्रदेश में एक बड़ी सुविधा जल्द शुरू होने वाली है। प्रदेश सरकार के उपक्रम हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) ने अपने होटलों, रेस्टोरेंट और कैफे में करंसी एक्सचेंज की सुविधा शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है। निगम ने इस सेवा के संचालन के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से औपचारिक मंजूरी के लिए आवेदन कर दिया है। जैसे ही स्वीकृति प्राप्त होगी, यह सुविधा चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में लागू की जाएगी।
इस सेवा की शुरुआत से प्रदेश में आने वाले विदेशी सैलानियों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी पर्यटकों को विदेशी मुद्रा बदलने के लिए एयरपोर्ट, बड़े शहरों या बैंक शाखाओं पर निर्भर रहना पड़ता है। कई बार होटल और पर्यटक स्थलों से दूरी होने के कारण उन्हें असुविधा झेलनी पड़ती है। अब एचपीटीडीसी की इस पहल से सैलानी जहां ठहरेंगे, वहीं विदेशी मुद्रा विनिमय की सुविधा मिल सकेगी। इससे न सिर्फ पर्यटन सेवाओं में सुधार होगा, बल्कि प्रदेश में पर्यटन कारोबार भी मजबूत होगा।
पर्यटन निगम की योजना के मुताबिक, शिमला, मनाली, कुल्लू, धर्मशाला, मैक्लोडगंज, डलहौजी और चंबा सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर स्थित निगम के होटलों में प्राथमिकता के आधार पर करंसी एक्सचेंज काउंटर स्थापित किए जाएंगे। इसके बाद यह सुविधा अन्य इकाइयों में भी उपलब्ध करवाई जाएगी। पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि करंसी एक्सचेंज सुविधा शुरू करने के लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रही है।