डलहौजी(चंबा)। नगर परिषद डलहौजी के अधीन आने वाले वार्ड नंबर तीन में आवाजाही करने वाले लोगों व पर्यटकों को हादसे का डर नहीं रहेगा। नगर परिषद डलहौजी द्वारा वार्ड नंबर तीन में रास्ते का निर्माण करवाने के साथ-साथ रास्ते के किनारे लोहे की रेलिंग का कार्य करवाया गया है। ऐसे में इस रास्ते से होकर गुजरने वाले लोगों को अब परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। नगर परिषद डलहौजी द्वारा कोविड-19 के चलते पूरी तरह से ठप पड़े विकास कार्यों को गति प्रदान की गई है। जिससे आने वाले समय में अब स्थानीय लोगों व बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को भी सहूलियत मिलेगी। बताते चलें कि पर्यटक नगरी डलहौजी में हर वर्ष सैकड़ों की तादात में बाहरी राज्यों व जिलों के पर्यटक पहुंचते हैं। नगर परिषद डलहौजी के तहत आते वार्ड नंबर तीन में रेलिंग व उबड़-खाबड़ रास्ते से कई लोग भी गिर कर घायल हो चुके हैं। लिहाजा, लोगों ने इस समस्या बारे नप डलहौजी के अधिकारियों व अध्यक्ष को अवगत करवाया। जिसके बाद प्राथमिकता के आधार पर नगर परिषद डलहौजी द्वारा वार्ड नंबर तीन के रास्ते को पक्का करने का कार्य आरंभ करवाया गया। बहरहाल, अब उक्त कार्य पूरा हो चुका है।
नप अध्यक्ष राखी कौशल ने बताया कि नप डलहौजी के वार्ड नंबर तीन में रास्ते को पक्का करवाने सहित लोहे की रेलिंग लगवाने का कार्य करवाया गया है। जिससे आगामी समय में लोगों को लाभ मिलेगा। नगर परिषद अध्यक्ष मनोज चड्ढ़ा ने बताया कि वार्ड नंबर तीन के रास्ते को सीमेंट डलवा कर पक्का करने सहित लोहे की रंलिंग लगवाने का कार्य करवाया गया है। इससे पूर्व मार्ग खस्ताहाल व किनारे पर रेलिंग न होने से कुछ लोग भी चोटिल हुए हैं। बहरहाल, कोरोना काल में विकास को गति देते हुए कार्य करवाए गए हैं।