{"_id":"65d0eca69193a45a1c0a20bc","slug":"tourism-will-get-wings-patients-will-be-airlifted-if-needed-chamba-news-c-88-1-ssml1004-118669-2024-02-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Chamba News: पर्यटन को लगेंगे पंख, जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट होंगे मरीज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Chamba News: पर्यटन को लगेंगे पंख, जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट होंगे मरीज
Sat, 17 Feb 2024 10:58 PM IST
शिमला ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, चम्बा
संवाद न्यूज एजेंसी, चम्बा
Updated Sat, 17 Feb 2024 10:58 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
चंबा। जिला चंबा में पर्यटन व्यवसाय को पंख लगाने के लिए सुल्तानपुर में हेलिपैड का विस्तारीकरण करवाकर हेलिपोर्ट का निर्माण होगा।
इससे पर्यटन व्यवसाय से जुड़े सैकड़ों लोगों समेत मेडिकल कॉलेज चंबा से पीजीआई चंडीगढ़ या आईजीएमसी शिमला रेफर मरीजों को भी अविलंब स्वास्थ्य लाभ मिल सकेगा। जरूरत के हिसाब से हवाई सेवा के जरिये मरीजों को भी एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था हो सकेगी। हेलिपोर्ट संचालित होने से मरीज की जिंदगी बचाने के लिए तीमारदारों को 374 से 410 किलोमीटर के सफर से राहत मिलेगी। हेलिपोर्ट के निर्माण को लेकर सुल्तानपुर में ओवसटेक लिमिटेशन सर्वे पूरा होने के बाद अब फिजिबिलिटी रिपोर्ट मिल चुकी है। इसके तहत अब हेलिपोर्ट को लेकर डीपीआर तैयार हो रही है। हेलिपोर्ट के निर्माण पर 13 करोड़ खर्च होंगे। इसके तहत यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, विभिन्न काउंटर, चेकिंग काउंटर, बेंच, वेटिंग रूम, 2 से 3 हेलिकाप्टर उतरने की व्यवस्था होगी। दूसरे चरण में सरकार की जनजातीय क्षेत्र पांगी और होली में हेलिपोर्ट बनाने की योजना है, जिससे जनजातीय क्षेत्र के अनछुए पर्यटन स्थलों तक पर्यटक पहुंच सकें।
300 करोड़ से चौड़ा होगा चंबा-भरमौर हाईवे
चंबा से भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग को टू लेन और फोर लेन बनाया जाएगा। इससे आगामी समय में मणिमहेश यात्रा पर आने वाले शिवभक्तों का सफर सुगम होगा। साथ ही जनजातीय क्षेत्र भरमौर पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित होगा। 300 करोड़ रुपये का यह प्रस्ताव प्रदेश सरकार की ओर से केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। इसे स्वीकृति मिलने पर चंबा से भरमौर हाईवे के विस्तारीकरण और चौड़ीकरण के तहत कार्य किया जाएगा। ऐसे में एक ही समय में दो वाहन आसानी से हाईवे पर आवाजाही कर सकेंगे। इसके अलावा शाहपुर से सिहुंता-चुवाड़ी मार्ग पर आगामी समय में वाहन चालकों को हिचकोले नहीं खाने पड़ेंगे। मार्ग की दशा को सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से युद्धस्तर पर कार्य चला हुआ है। विभाग ने वर्ष 2024-2025 तक मार्ग का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
विज्ञापन
नर्सिंग प्रशिक्षुओं को मिलेगा अपना भवन
चंबा में नर्सिंग कॉलेज का निर्माण को लेकर भी प्रदेश सरकार ने हामी भरी है। इसके तहत अब जिला चंबा में पहला सरकारी नर्सिंग कॉलेज का निर्माण होगा। इससे पूर्व नर्सिंग कॉलेज होने के बावजूद भी छात्राओं को किराये के भवन में ही रहकर अपनी पढ़ाई पूरी करनी पड़ रही है। बहरहाल, अब आगामी समय में नर्सिंग कॉलेज का अपना भवन प्रशिक्षु नर्सो को नसीब होगा।
विज्ञापन
डे बोर्डिंग स्कूल से 400 से अधिक बच्चों को मिलेगा लाभ
भटियात विधानसभा क्षेत्र के अधीन लाहड़ू में राजीव गांधी डे-मॉडल डे बोर्डिंग स्कूल का निर्माण होगा। इसमें बच्चों के लिए खेलकूद समेत हर प्रकार की गतिविधियों की स्कूल परिसर में ही व्यवस्था रहेगी। डे-मॉडल बोर्डिंग स्कूल में आगामी समय में 400 से अधिक बच्चों के पढ़ने समेत अन्य लाभ मिलेगा।
सीवरेज योजना से जुड़ेंगे डलहौजी और चुवाड़ी
पर्यटन स्थल डलहौजी और चुवाड़ी कस्बे के लोगों को सीवरेज योजना से जोड़ने के लिए परियोजना चल रही है। योजना को धरातल पर उतारने के लिए जलशक्ति विभाग की ओर से सीवरेज योजना के तहत युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। विभाग का 2024-2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
बर्फबारी के इलाकों में नहीं जमेंगे पानी के पाइप
जिला चंबा के चुराह, चंबा और भरमौर में बर्फबारी के बाद शून्य डिग्री तापमान लुढ़कने के बाद भी पानी की पाइपें जाम होने से आगामी समय में लोगों को पेयजल के लिए दर-दर नहीं भटकना पड़ेगा। जलशक्ति विभाग की ओर से लाखों की राशि खर्च कर एंटी फ्रीजिंग सिस्टम तकनीक से पेयजल योजना को संचालित किया जाएगा। इस योजना का लोगों को भरपूर लाभ मिलेगा।
खून के टेस्ट करवाने के लिए नहीं जाना पड़ेगा निजी लैब
स्वास्थ्य सुविधाओं में बेहतरीन प्रयास करते हुए अब जिले में इंटरग्रेटिड पब्लिक हेल्थ लैब स्थापित होंगी। लैब स्थापित हो जाने पर मरीजों को रक्त संबंधी टेस्ट करवाने के लिए निजी लैबों के चक्कर काटने से निजात मिलेगी। साथ ही उनकी जेबों पर भी डाका नहीं पड़ेगा।