चंबा। बचत भवन में विधानसभा क्षेत्र चंबा के चुनाव अधिकारियों के लिए दूसरा चुनाव पूर्वाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्रोफेसर अविनाश मास्टर ट्रेनर के रूप में मौजूद रहे। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महिला और दिव्यांग पीठासीन अधिकारियों, सहायक पीठासीन अधिकारियों और चुनाव अधिकारियों को चुनाव की प्रक्रिया, वोट डलवाना, विभिन्न प्रपत्रों को भरना, चुनाव सामग्री प्राप्त करना, चुनाव सामग्री जमा करवाना, ईवीएम को सुचारु रूप से चलाना, मॉक पोल करवाना, चुनाव प्रक्रिया के दौरान आने वाली जटिलताओं का सुगमतापूर्वक निवारण करना आदि के बारे में बताया। इस अवसर पर प्रोफेसर अविनाश ने अधिकारियों की ओर से पूछे गए उनके प्रश्नों का हरसंभव उत्तर देकर उनका उचित निवारण भी किया।
इसके बाद अरुण सेठ ने एचपीपीडीएमएस का प्रशिक्षण दिया। इसके माध्यम से अधिकारियों को बताया गया कि किस प्रकार चुनाव के दिन मॉक पोल से लेकर चुनाव समाप्त होने और चुनाव सामग्री जमा करवाने तक की जानकारी समय-समय पर ऑनलाइन भरी जानी है। इस दौरान आदर्श महिला संचालित मतदान केंद्र और आदर्श दिव्यांग संचालित मतदान केंद्र को संचालन करने के लिए महिला और दिव्यांग पीठासीन अधिकारी, सहायक पीठासीन अधिकारी और चुनाव अधिकारियों के अलावा निर्वाचन कार्यालय से सरोज कुमारी, अंकुश, पंकज चौहान, विकास, प्रशिक्षण प्रबंधन टीम से डॉ. तेज सिंह, तरुण वर्धन, शेखर कुमार आदि मौजूद रहे।