चंबा। जिले में सोमवार मध्यरात्रि मौसम ने करवट बदली। मौसम के करवट बदलते ही कबायली क्षेत्र भरमौर-पांगी की ऊपरी चोटियों समेत बैरागढ़-किलाड़ वाया साच पास मार्ग पर 30.48 सेंटीमीटर तक ताजा बर्फबारी हुई है। वहीं, जिले के निचले क्षेत्रों में होने वाली हल्की बारिश के बाद ठंड में काफी इजाफा हुआ है। मंगलवार सुबह ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़े पहन कर ही घरों से निकलते नजर आए। वहीं, बैरागढ़-किलाड़ वाया साच पास मार्ग पर हुई बर्फबारी के चलते वाहनों की आवाजाही भी रुक गई।
जिस कारण अब पांगी से चंबा के लिए आने वाले लोगों को जे एंड के और पंजाब समेत हिमाचल की सरहदों को पार कर चंबा पहुंचाना पड़ेगा। इससे लोगों के समय के साथ जेबों पर अधिक चपत लगेगी। सूचना मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग और बीआरओ की टीमें बर्फबारी के बाद बंद पड़े मार्ग को यातायात के लिए बहाल करने के कार्य में मंगलवार सुबह से जुट गई है। जनजातीय क्षेत्र पांगी की सुराल भुटोरी, हुड़ान भुटोरी, चस्क भुटोरी और पुंटों में 10.16 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है जबकि भरमौर की ऊपरी चोटियों, मणिमहेश, कालीछौ और कुगति में भी हल्की बर्फबारी हुई है जबकि शेष जिले में हल्की बारिश होने से सुबह और रात के समय ठंड बढ़ गई है।