{"_id":"257778a211aaa01b7578808284d6c426","slug":"river-me-khann-jarj-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"करियां के टीआरटी क्षेत्र में अवैध खनन जारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
करियां के टीआरटी क्षेत्र में अवैध खनन जारी
ब्यूरो/ अमर उजाला, चंबा
Updated Sat, 16 Jan 2016 06:29 PM IST
विज्ञापन
करियां के टीआरटी क्षेत्र में अवैध खनन बेलगाम हो गया है। खनन माफिया जहां रावी नदी से अवैध रूप से रेत बजरी निकालकर पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे हैं, वहीं अधिक से अधिक पैसा कमाने के चक्कर में जान जोखिम में डालकर पानी के बीच पहुंचकर इस कार्य को अंजाम दे रहे हैं। इससे अनहोनी का भी अंदेशा बना हुआ है।
विज्ञापन
कई बार रावी नदी का जलस्तर बढ़ने से ट्रैक्टर नदी के बीच में फंस जाते हैं। इसके अलावा कई मर्तबा ट्रैक्टर चालकों ने ट्रैक्टर से कूदकर जान बचाई है। इसके बावजूद इस गैरकानूनी कार्य को खतरनाक तरीके से अंजाम दिया जा रहा है।
विज्ञापन
स्थानीय निवासी संजय कुमार, अशोक कुमार, राजेश कुमार, राजेंद्र, नवीन कुमार, प्रमोद व अजय ने कहा कि टीआरटी क्षेत्र में रोजाना रावी नदी में धड़ल्ले से अवैध खनन हो रहा है। करियां सड़क मार्ग से रेत से लदे ट्रैक्टर की दिन भर आवाजाही होने से सड़क को भी नुकसान पहुंच रहा है। सड़क मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे पड़ते जा रहे हैं। साथ ही इस मार्ग पर रेत और मिट्टी की भरमार हो गई है। इससे मार्ग के साथ लगते घरों में रहने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मार्ग की सारी धूल उड़कर उनके घरों में पहुंच रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि करियां के टीआरटी क्षेत्र में अवैध खनन कर रहे लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए।
विज्ञापन
उधर, एसडीएम चंबा बचन सिंह ने बताया कि अगर अवैध रूप से कोई रेत निकालता है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस संबंध में खनन विभाग व वन विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा प्रशासन की ओर से भी अवैध खनन करने वालों के समय समय पर चालान काटे जा रहे हैं।