होली(चंबा)। जनजातीय क्षेत्र के तहत आते होली-बजोली की जीएमआर कंपनी के क्रशर प्लांट पर रॉयल्टी जमा न करवाने पर जिला खनन विभाग ने ताला जड़ दिया है। कंपनी प्रबंधन की ओर से रॉयल्टी के तौर पर करीब 72 लाख रुपये की राशि जमा करवानी है, लेकिन कंपनी प्रबंधन ने इस राशि को जमा करवाने में लेटलतीफी बरत रहा है। बहरहाल, अब जिला खनन विभाग ने क्रशर प्लांट पर ताला जड़ कर बंद कर दिया है। जिला खनन विभाग की इस कार्रवाई से कंपनी प्रबंधन में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार कंपनी को रॉयल्टी राशि जमा करवानी होती है। रॉयल्टी की राशि का भुगतान मापदंडों के अनुसार करना पड़ता है, लेकिन कंपनी प्रबंधन की ओर से रॉयल्टी की राशि जमा करवाने में दिलचस्पी नहीं दिखाई गई। हालांकि कई बार इस मामले में पत्राचार किया गया है, लेकिन कंपनी की ओर से कोई रिस्पांस नहीं दिया गया। बहरहाल अब जिला खनन विभाग की ओर से कंपनी प्रबंधन के क्रशर प्लांट में ताला जड़ दिया गया है। वहीं, कंपनी ने भी एक सप्ताह की मोहलत इस राशि को जमा करवाने के लिए मांगी है। जिला खनन अधिकारी चंबा ज्योति पुरी ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि होली में निजी कंपनी की ओर से रॉयल्टी जमा नहीं करवाई है। इस कारण कंपनी के क्रशर प्लांट पर ताला लगा दिया है। कहा कि जब तक रॉयल्टी जमा नहीं होगी, क्रशर प्लांट बहाल नहीं किया जाएगा। वहीं, परियोजना निदेशक सोम प्रकाश बंसल का कहना है कि मामला ध्यान में है। कहा कि एक सप्ताह के भीतर राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।