चंबा। शहर के कसाकड़ा की ओर जाने वाले मार्ग पर अतिक्रमणकारी बेलगाम हैं। एक तरफ दुकानदारों ने जहां रास्ते में सामान सजा दिया है तो वहीं, दूसरी तरफ फड़ियां लगाने वालों ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी है। पहले से ही यह रास्ता काफी संकीर्ण है। बहरहाल, अब अतिक्रमण के चलते मार्ग ओर सिकुड़ गया है। इस मार्ग से दोपहिया वाहनों की आवाजाही दिनभर लगी रहती है। साथ ही पैदल भी काफी लोग आवाजाही करते हैं। ऐसे में यहां हर समय अप्रिय घटना होने का अंदेशा बना रहता है। एक तरफ जहां यह मार्ग अतिक्रमण के चलते संकीर्ण हुआ है तो वहीं, दूसरी तरफ मार्ग पर उतराई होने के चलते दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है। लोगों शंकर सिंह, शक्ति प्रसाद, वीरेंद्र कुमार, अमित कुमार, राजेश कुमार आदि ने बताया कि सपड़ी से बस स्टैंड कसाकड़ा स्थानांतरित होने के बाद यहां मार्केट विकसित हुई है। ऐसे में इस मार्ग पर काफी भीड़ भी रहती है लेकिन अतिक्रमणकारियों ने अपना सामान दुकान से बाहर सजा रखा है। साथ ही फड़ियां भी सजा दी हैं। इस मामले को लेकर प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। कुल मिलाकर यह मार्ग हादसों को न्योता दे रहा है।
उपमंडलाधिकारी नागरिक चंबा अरुण शर्मा का कहना है कि यह मामला उनके ध्यान में लाया गया है। कहा कि जल्द इसके बारे में उचित दिशा निर्देश नगर परिषद को दिए जाएंगे और अतिक्रमणकारियों को हटाया जाएगा।