चुवाड़ी (चंबा)। नगर पंचायत चुवाड़ी के वार्ड नंबर एक से एक ही परिवार के चार सदस्य कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। मंगलवार को उपमंडल मुख्यालय स्थित नागरिक चिकित्सालय चुवाड़ी में 40 लोगों के कोरोना टेस्ट किए गए। इनमें 18 रैपिड जबकि 22 टेस्ट आरटीपीसीआर के तहत किए गए। 18 रैपिड एंटीजन टेस्ट में एक ही परिवार के चार सदस्य पॉजिटिव पाए गए हैं। इन्हें क्वारंटीन होने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा उपमंडल मुख्यालय के समीप स्थित कुड़नू पंचायत स्थित पंचायत घर में भी कोरोना टेस्ट किए गए।
इस मौके पर 60 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए आरटीपीसीआर लैब में भेजे गए। इस मौके पर पंचायत प्रधान कर्म चंद की अगुवाई में नागरिक अस्पताल चुवाड़ी के डॉ. सतवीर ने कुड़नू में लोगों के सैंपल लिए। उधर, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम शर्मा ने बताया कि नागरिक अस्पताल में 40 जबकि, कुड़नू पंचायत में 60 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को चुवाड़ी अस्पताल में लिए गए 18 रैपिड एंटीजन टेस्ट में वार्ड नंबर एक के एक परिवार के ही चार सदस्य संक्रमित पाए गए हैं।