सड़क के नीचे से निकाले जा रहे स्लेट, खतरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंबा-भरमौर एनएच पर त्रिलोचन महादेव के पास सड़क के नीचे अवैध रूप से स्लेट निकाले जा रहे हैं। इससे सड़क की जमीन खोखली होती जा रही है। स्लेट निकालने वालों ने सड़क के नीचे खोद-खोद कर बड़े छेद बना दिए हैं। इससे सड़क के धंसने का भी खतरा बना हुआ है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कोई भी विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा है। एनएच प्रबंधन, वन और खनन विभाग अपनी आंखें मूंद कर सब कुछ देख रहे हैं। इसके चलते लोग सड़क के नीचे अवैध रूप से स्लेट निकालने के कार्य को रोजाना अंजाम दे रहे हैं। समय रहते इस कार्य को रोका नहीं गया तो आने वाले समय में कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है।
इसकी जिम्मेदारी उपरोक्त विभागों की होगी। जिस स्थान पर यह कार्य किया जा रहा है, वहां पर सड़क पत्थरों के डंगे के सहारे टिकी हुई है। ऐसे में डंगे के नीचे खनन होने से कभी भी सड़क का डंगा धंस सकता है। इससे सड़क का एक बड़ा भाग धंस सकता है। इस मार्ग पर काफी संख्या में सरकारी, निजी बसों समेत छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क के नीचे अवैध खनन किया जाना खतरे को न्योता देने के समान है।
स्थानीय निवासी मान सिंह, योग राज, कमल कुमार, टेक चंद, सुरेश कुमार, सुनील कुमार, अमर सिंह, देवी प्रसाद, संजय शर्मा समेत शम्मी कुमार ने बताया कि चंबा-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर त्रिलोचन महादेव के पास सड़क के नीचे अवैध रूप से स्लेट निकालने का कार्य किया जा रहा है, जो सड़क की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि किसी प्रकार की घटना होने से पहले इस कार्य पर रोक लगाई जाए। एनएच के अधिशासी अभियंता अरुण पठानिया ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला अभी लाया गया है। इसको लेकर वन और खनन विभाग को पत्र लिखे जाएंगे, जिससे खनन करने वालों पर कार्रवाई की जा सके।