{"_id":"6436e778a15205eb44086178","slug":"congress-government-adopting-dictatorial-attitude-thakur-chamba-news-c-19-1-119140-2023-04-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"कांग्रेस सरकार अपना रही तानाशाही रवैया : ठाकुर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कांग्रेस सरकार अपना रही तानाशाही रवैया : ठाकुर
Wed, 12 Apr 2023 10:46 PM IST
शिमला ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, चम्बा
संवाद न्यूज एजेंसी, चम्बा
Updated Wed, 12 Apr 2023 10:46 PM IST
विज्ञापन
चंबा। प्रदेश की कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का तानाशाही रवैया बाथरी समेत आसपास की दर्जनों पंचायतों के ग्रामीणों की मुसीबतों को बढ़ाने का काम कर रहा है। डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर ने सुंडला में यह बात कही। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में ग्रामीणों की ज्वलंत मांग पर बाथरी में खुले विकास खंड कार्यालय को कांग्रेस सरकार ने बंद करवा दिया। ऐसे में ग्रामीणों को अब अपने राजस्व संबंधी कार्यों का निपटान करवाने के लिए 25 से 70 किलोमीटर का सफर तयकर विकास खंड सलूणी या भटियात पहुंचना पड़ रहा है। इससे उन पर आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है। कहा कि इसके अलावा पीएचसी भडेला बंद होने से ग्रामीण सिरदर्द की दवा लेने के लिए भी 25 किलोमीटर का सफर तयकर सिविल अस्पताल सलूणी जाने के लिए विवश हैं। इसके अलावा पीएचसी करवाल बंद होने से लोगों को ब्रंगाल का रुख करना पड़ रहा है। इसके अलावा कांग्रेस सरकार ने द्वेष भावना से काम करते हुए सब सेंटर टप्पर, पदरोटू, लदवाह और किलोड़ को बंद करवाकर ग्रामीणों के साथ छलावा करने का काम किया है। ठाकुर ने डलहौजी की पूर्व विधायक आशा कुमारी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें जनता से कुछ भी लेना-देना नहीं है। वह भी गरीब लोगों और निम्न स्तर के कर्मचारियों को प्रताड़ित करने में ही लगी हुई है। कहा कि अब राजवाड़ाशाही खत्म हो चुकी है। देश में प्रजातंत्र है। लोग अब राजवाड़ाशाही से डरने वाले नहीं है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को चेताते हुए कहा कि वे भी टोपी की राजनीति का पीछा छोड़कर विकास की तरफ ध्यान दें।
विज्ञापन