{"_id":"5ad7765c4f1c1bb56a8b4d13","slug":"171524069980-chamba-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"बस सेवा शुरू करने के लिए ग्रामीणों का चक्का जाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बस सेवा शुरू करने के लिए ग्रामीणों का चक्का जाम
Updated Wed, 18 Apr 2018 10:28 PM IST
विज्ञापन
protest
- फोटो : demo pics
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
सलूणी (चंबा)। सरकारी बस सेवा नहीं मिलने से गुस्साए दस पंचायतों के लोगों ने बुधवार को सलूणी में चक्का जाम किया। इस दौरान सलूणी में पांच सौ के करीब लोगों ने करीब ढाई घंटे तक मार्ग से वाहनों की आवाजाही नहीं होने दी। इस दौरान लोगों ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद एसडीएम सलूणी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को 10 दिनों के भीतर बस चलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद कहीं जाकर लोगों ने सड़क से हटने को तैयार हुए।
गौरतलब हो कि तीन साल पहले झौड़ा से सलूणी के लिए सरकारी बस सेवा शुरू हुई थी।
मगर कुछ दिनों के बाद ही यह बस किसी कारणवश बंद हो गई। इसके बाद उसे दोबारा कभी शुरू नहीं किया गया। बस सेवा शुरू करने के लिए ग्रामीणों ने कई बार सरकार और प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपे। मगर ग्रामीणों को मात्र आश्वासन ही मिले। आखिरकार बुधवार को ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सलूणी में चक्का जाम किया।
विज्ञापन
बीडीसी किशोरी लाल, खरल के प्रधान माधो राम, सियुला के प्रधान राकेश कुमार और लिग्गा के प्रधान भूपिंद्र सिंह ने बताया कि झौड़ा से सलूणी मार्ग पर मौजूदा समय में एक निजी बस चल रही है। इसमें काफी ओवर लोडिंग रहती है। जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है। इसलिए ग्रामीण लंबे समय से मार्ग पर सरकारी बस सेवा शुरू करने की मांग कर रहे हैं। इससे निजी बस में हो रही ओवरलोडिंग कम हो जाए। साथ ही हादसे की आशंका भी खत्म हो जाएगी। मगर अभी तक सरकार और प्रशासन ने इस दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए हैं।
विज्ञापन
इसको लेकर लोगों में भारी रोष है। बस सेवा शुरू होने से ग्राम पंचायत खरल, खरोटी, सियुला, लिग़्गा, दरेकड़ी, सेरी, सालवां मौड़ा और भजोत्रा सहित अन्य पंचायतों के लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने सरकार और प्रशासन को चेतावनी दी कि दस दिनों के भीतर सरकारी बस नहीं चलाई गई तो जिला मुख्यालय में चक्का जाम किया जाएगा। इसकी जिम्मेवारी सरकार व प्रशासन की होगी।
जल्द शुरू करवाई जाएगी बस सेवा : एसडीएम
एसडीएम अनिल भारद्वाज ने बताया कि ग्रामीणों ने बस सेवा को लेकर सलूणी में चक्का जाम किया। उनकी इस मांग को पूरा करने का पूरा प्रयास किया जाएगा। जल्द ही उपरोक्त मार्ग पर सरकारी बस सेवा शुरू करवाई जाएगी।