श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी में श्रावण अष्टमी मेले के सातवें दिन भारी संख्या में श्रद्धालुओं पहुंचे। मंदिर में सुबह छह बजे ही श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो दोपहर होने तक मुख्य गेट के बाहर तक जा पहुंचीं। वीरवार को करीब 40,300 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। भक्तों को एक से दो घंटे कतार में लगने के बाद माता रानी के दर्शन हुए। श्रावण अष्टमी मेले के दौरान मंदिर को साढ़े 21 घंटे खुला रखा जा रहा है। दिन में मात्र आधे घंटे के लिए और रात को दो घंटे के लिए मंदिर को बंद रखा जाता है। बुधवार को मंदिर न्यास को 17,31,391 रुपये की नकदी, 23.6 ग्राम सोना और 4.400 किलोग्राम चांदी का चढ़ावा चढ़ा।
उधर, पंजाब और हरियाणा की समाजसेवी संस्थाओं की ओर से श्रीआंनदपुर साहिब से लेकर श्री नयनादेवी जी तक करीब 100 लंगर लगाए गए हैं। श्रद्धालु भी इन लंगरों में सेवा कर रहे हैं।