झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र में दो दिन में बारिश ने अपना कहर बरपाया है। हीरापुर गांव में डंगा ढहने से कार और स्कूटी मलबे में दब गई। जेसीबी से मलबा हटाकर वाहनों को बाहर निकाला गया। दो दुकानों, रिहायशी मकान और शौचालय के गिरने का खतरा पैदा हो गया है। सूचना मिलते ही हलका पटवारी अनिता राणा ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया।
मिली जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत हीरापुर के गांव हीरापुर में सोमवार सुबह भारी बारिश से मान सिंह का करीब चालीस फीट लंबा और पंद्रह फीट ऊंचा डंगा ढहने से कार और स्कूटी मलबे में दब गई। जेसीबी मशीन लगाकर वाहनों को मलबे से बाहर निकाला। मान सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह भारी बारिश से करीब 9 बजे डंगा ढह गया। चंडीगढ़ से लोगों की कार को नुकसान हुआ है, जबकि गांव के एक व्यक्ति की स्कूटी मलबे में दब गई। डंगा ढहने से दो दुकानों, मकान और शौचालय को खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है। तहसीलदार झंडूता मुल्तान सिंह बन्याल ने कहा कि हलका पटवारी ने मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लिया है। पटवारी को नुकसान की रिपोर्ट कार्यालय भेजने के लिए कहा गया है।