बिलासपुर में हादसा: दियोटसिद्ध-शाहतलाई मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी निजी बस पलटी, दो की मौत; 15 घायल
बिलासपुर-हमीरपुर सीमा पर दियोटसिद्ध-शाहतलाई मार्ग पर बाबा बालकनाथ के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 श्रद्धालु घायल हुए हैं। तीन घायलों की हालत गंभीर है। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में मदद की। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर और हमीरपुर की सीमा पर रविवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। बाबा बालकनाथ के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पंजाब नंबर की निजी बस दियोटसिद्ध-शाहतलाई मार्ग पर बैरियर नंबर-1 के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बस में करीब 35 श्रद्धालु सवार थे, जो अमृतसर से बाबा बालकनाथ के दर्शन कर शाहतलाई लौट रहे थे। सभी श्रद्धालुओं का ठहराव शाहतलाई स्थित चंडीगढ़ सराय में था।
15 घायल, गंभीर मरीज पीजीआई और मेडिकल कॉलेज रेफर
हादसे के बाद घायलों को बड़सर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को पीजीआई चंडीगढ़, जबकि दो अन्य को डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर किया गया। अन्य घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।
तीखे मोड़ पर पलटी बस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 10 बजे दियोटसिद्ध से शाहतलाई की ओर जाते समय बैरियर नंबर-1 के पास एक तीखे मोड़ पर बस चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क पर पलट गई। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने बचाई कई जानें
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान और उपायुक्त राहुल कुमार ने भी घटनास्थल का दौरा कर राहत कार्यों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य केंद्र बंद मिलने पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद घायलों को पहले शाहतलाई के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन उस समय स्वास्थ्य केंद्र बंद मिला। इसके कारण घायलों को प्राथमिक उपचार दिए बिना अन्य अस्पतालों में भेजना पड़ा। लोगों ने धार्मिक यात्रा मार्ग पर 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि सभी घायलों का उपचार जारी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पुष्टि की जा रही है।