Himachal Crime: पेशी के लिए आए युवक पर मंडी-भराड़ी फोरलेन चौक पर कुल्हाड़ी से किया हमला
बिलासपुर के भराड़ी क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर बुधवार सुबह बिलासपुर कोर्ट में पेश होने आए पंजाब के युवक पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया। आरोपी ने युवक पर कुल्हाड़ी से कई वार किए, जिससे उसकी एक टांग, सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। युवक का इलाज एम्स बिलासपुर में चल रहा है। पुलिस ने मामले में बंबर ठाकुर गोलीकांड के आरोपी सौरभ पटियाल उर्फ फांदी समेत दो के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद फरार हुए दोनों आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं। वारदात के समय घटनास्थल पर एक ट्रैफिक पुलिस कर्मी और एक होमगार्ड जवान तैनात था। आरोप है कि दोनों ने हमलावरों को रोकने और घायल को बचाने का प्रयास नहीं किया। इस लापरवाही पर जिला पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कर्मी को निलंबित कर दिया है जबकि होमगार्ड जवान को ड्यूटी से हटाकर वापस बटालियन भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक लुधियाना के हीरा मोहल्ला निवासी सन्नी गिल की बुधवार को एक मामले में बिलासपुर कोर्ट में पेशी थी। सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच फोरलेन पर मंडी भराड़ी पुल के पास जैसे ही वह बस से उतारा तो आरोपियों के साथ उसकी कहासुनी हो गई। आरोपी ने कुल्हाड़ी निकालकर सन्नी गिल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने से वह सड़क पर ही गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूरी घटना कुछ ही मिनटों में घटित हुई। घायल को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में घायल युवक सड़क पर तड़पता दिखाई दे रहा है और लोगों से मदद की गुहार लगा रहा है।
मंडी भराड़ी पुल पर दिनदहाड़े हुए हमले के बाद बिलासपुर सदर से विधायक त्रिलोक जमवाल ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है और हालिया घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
त्रिलोक जमवाल ने जारी बयान में कहा कि भराड़ी पुल पर हुई हिंसक घटना गंभीर है और ऐसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में जिले में आपराधिक गतिविधियों और हिंसक घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हुई है। उनके अनुसार, प्रशासन को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए और प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि जिले में गैंगवार, अवैध गतिविधियों और विभिन्न प्रकार के माफिया नेटवर्क पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से स्थिति चुनौतीपूर्ण बनती जा रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार से ऐसे मामलों में सख्त और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
विधायक ने यह भी कहा कि हालिया घटना के बाद सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ वीडियो में एक पूर्व विधायक का नाम सामने आने की बातें कही जा रही हैं। उन्होंने मांग की कि इन सभी पहलुओं की निष्पक्ष, स्वतंत्र और गहन जांच कराई जाए, ताकि तथ्यों के आधार पर सच्चाई सामने आ सके।
त्रिलोक जमवाल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए, आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए तथा हालिया हमले के मामले में दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और कानून का समान रूप से पालन सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।