डाइट जुखाला में कार्यशाला आयोजित कर शिक्षकों को दी ऐप की जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) जुखाला में विद्या समीक्षा केंद्र शिमला ने स्विफ्ट चैट पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की। इस ऐप में शिक्षण और प्रशासनिक कार्यों को एकीकृत किया गया है। ऐप के माध्यम से शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति की दैनिक जानकारी ऑनलाइन शिक्षा विभाग को दी जाएगी। ऐप में बच्चों की उपलब्धि और गतिविधियों की जानकारी अपलोड की जाएगी। कार्यशाला की अध्यक्षता जिला परियोजना अधिकारी राकेश मनकोटिया ने की। विद्या समीक्षा केंद्र शिमला से राज्य समन्वयक हिमेंद्र सिंह और मान्या जैन ने अध्यापकों को स्विफ्ट चैट पर कार्य करने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य संजय शामा ने सभी को समर्थ शिक्षक, सशक्त प्रशासक, संपूर्ण विद्यार्थी के लिए कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर पांचों खंडों के खंड परियोजना अधिकारी, खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी, खंड स्त्रोत समन्वयक सहित डाइट का के शिक्षक मौजूद रहे।