श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी में सोमवार सुबह से ही अष्टमी पूजन की धूम रही। पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली सहित अन्य राज्यों से करीब 9,000 श्रद्धालु मां के दरबार पहुंचे।
सुबह से मंदिर में श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। ऊंचे जयकारों से पूरा पहाड़ी क्षेत्र गूंज उठा है। रात 3:00 बजे मंत्रोच्चारण के साथ माता के दरबार के मुख्य द्वार खोल दिए गए और श्रद्धालुओं को लाइनों में दर्शनों के लिए भेजा गया।
श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में प्राचीन हवन कुंड में आहुतियां भी डालीं और घर परिवार के लिए सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर न्यास अध्यक्ष राजकुमार ठाकुर ने बताया कि न्यास को चढ़ावे के रूप में अब तक 94,87,684 रुपये नकद, 135.3 ग्राम सोना, 12.8 किलोग्राम चांदी प्राप्त हुई है।