पाबनी रोड पर गांव मंधार के पास ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार दो चचेरे भाईयों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से एक भाई की मौत हो गई। जबकि दूसरा घायल हो गया। दोनों भाई फैक्टरी से छुट्टी कर घर लौट रहे थे। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली चालक के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
महेश्वरी निवासी शुभम ने बताया कि वह गुलाब नगर जगाधरी में आजाज मैटल फैक्टरी में हेल्पर का काम करता है। उसके साथ चाचा का लड़का गौरव (20) भी इसी फैक्टरी में हेल्पर का काम करता था। वो और गौरव बाइक पर फैक्टरी से घर के लिए चले थे। गौरव बाइक चला रहा था, जबकि वो उसके पीछे बैठा हुआ था। शाम करीब साढ़े छह बजे पांबनी रोड पर गांव मंधार के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। वे दोनों सड़क पर नीचे गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने गौरव को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया, जबकि उसे वहीं उपचार दिया गया। पीजीआई में इलाज के दौरान गौरव की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर ट्रॉली चालक के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।