यमुनानगर। भारतीय बाल कल्याण परिषद ने राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के लिए बहादुर बच्चों के लिए आवेदन आमंत्रित किए है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर निर्धारित की गई है। डीसी पार्थ गुप्ता ने बताया कि पुरस्कार पाने वाले बच्चों की आयु छह वर्ष से 18 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उन द्वारा बहादुरी का कार्य एक जुलाई 2021 से 30 सितंबर 2022 तक किया हुआ हो। ऐसे बहादुर बच्चों और संस्थानों से कहा है कि वे निर्धारित तिथि तक आवेदन भारतीय बाल कल्याण परिषद को भेज सकते हैं।
भारतीय बाल कल्याण परिषद ने ऐसे बहादुर बच्चों को सम्मानित करने का फैसला किया हुआ है, जिन्होंने जोखिम परिस्थितियों में बहादुरी का कार्य किया हो। परिषद ने चार स्तर के पुरस्कार रखे हैं। देशभर में 25 बहादुर बच्चों को यह पुरस्कार दिए जाएंगे। आवेदन प्राप्त करने के बाद परिषद द्वारा एक कमेटी गठित कर ऐसे बहादुर बच्चों को चुना जाएगा। चयनित बहादुर बच्चों को एक पदक, प्रमाण पत्र तथा नगद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। बहादुर बच्चों को एक लाख रुपये से लेकर 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। पार्थ गुप्ता ने कहा कि आवेदन करने वाले प्रार्थियों के लिए स्कूल के प्राचार्य या हेड मास्टर, जिला परिषद या पंचायत के मुखिया, जिलाधीश, पुलिस अधीक्षक या राज्य बाल कल्याण परिषद के प्रधान और महासचिव के अनुशंसा जरूरी है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा अनुशंसा करने वाले अधिकारी या मुखिया द्वारा आवेदक के पूर्ण विवरण का 250 शब्दों में विस्तृत जानकारी होनी चाहिए।