{"_id":"67d9210b55420ba2eb096b50","slug":"yamunanagar-connection-in-jalandhar-grenade-attack-punjab-police-took-accused-hardik-injured-in-firing-2025-03-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"जालंधर ग्रेनेड हमले में यमुनानगर कनेक्शन: आरोपी हार्दिक को ले गई पंजाब पुलिस, फायरिंग में घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जालंधर ग्रेनेड हमले में यमुनानगर कनेक्शन: आरोपी हार्दिक को ले गई पंजाब पुलिस, फायरिंग में घायल
Tue, 18 Mar 2025 01:00 PM IST
नवीन दलाल
संवाद न्यूज एजेंसी, यमुनानगर (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, यमुनानगर (हरियाणा)
Published by: नवीन दलाल
Updated Tue, 18 Mar 2025 01:00 PM IST
सार
16 मार्च की देर रात जालंधर के रायपुर रसूलपुर गांव में एक यूट्यूबर के घर पर ग्रेनेड फेंका गया था, जिसकी घटना का वीडियो भी सामने आया था। पंजाब पुलिस इस हमले के हर एंगल से जांच कर रही है और अब इस मामले के तार यमुनानगर से जुड़े होने की पुष्टि हुई है।
विज्ञापन
पुलिस टीम
- फोटो : संवाद
विस्तार
पंजाब के जालंधर में हुए ग्रेनेड हमले की जांच के दौरान पुलिस ने यमुनानगर जिले के व्यासपुर थाना क्षेत्र के रामपुर बीटा गांव में दबिश देकर 18 वर्षीय हार्दिक कांबोज को हिरासत में लिया। पंजाब पुलिस आरोपी को हथियारों की निशानदेही के लिए जालंधर ले गई थी, जहां उसने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से हार्दिक घायल हो गया।
विज्ञापन
बिलासपुर थाना बना छावनी, पंजाब पुलिस ने की लंबी पूछताछ
पंजाब पुलिस की आधा दर्जन से ज्यादा गाड़ियां यमुनानगर के बिलासपुर थाने में पहुंचीं, जिससे थाना परिसर छावनी में तब्दील हो गया। पुलिसकर्मी वर्दी और सिविल ड्रेस में मौजूद थे। पंजाब पुलिस के एसपी और डीएसपी समेत कई अधिकारी लगभग तीन घंटे तक स्थानीय पुलिस के साथ बैठक और पूछताछ करते रहे।
विज्ञापन
थाना प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि पंजाब पुलिस ने मकसूदा थाने में एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। इसी सिलसिले में वे हार्दिक को सफेद स्कॉर्पियो में बिठाकर अपने साथ जालंधर ले गए। गाड़ी में एसपी मनप्रीत ढिल्लों और कई अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।
विज्ञापन
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ हार्दिक
जालंधर पहुंचने के बाद, पुलिस ने आरोपी हार्दिक को हथियारों की निशानदेही के लिए एक स्थान पर ले गई। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर अचानक फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिससे हार्दिक की टांग में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
यूट्यूबर के घर पर हुआ था ग्रेनेड हमला, वीडियो आया था सामने
गौरतलब है कि 16 मार्च की देर रात जालंधर के रायपुर रसूलपुर गांव में एक यूट्यूबर के घर पर ग्रेनेड फेंका गया था, जिसकी घटना का वीडियो भी सामने आया था। पंजाब पुलिस इस हमले के हर एंगल से जांच कर रही है और अब इस मामले के तार यमुनानगर से जुड़े होने की पुष्टि हुई है।
स्थानीय पुलिस भी जुटी जांच में
यमुनानगर पुलिस ने भी इस मामले में अपनी जांच शुरू कर दी है। पंजाब पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल गर्म है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हार्दिक इस हमले में किस हद तक शामिल था और इसके पीछे किन-किन लोगों का हाथ हो सकता है।