बिलासपुर। तीन बदमाशों ने कस्बे के छोटा बस स्टैंड के पास करियाना दुकानदार पर गंडासी से हमला कर लूटपाट की। बदमाश बाइक पर सवार होकर दुकान पर आए। एक बदमाश दुकान के बाहर खड़ा रहा, जबकि दो बदमाशों ने दुकान में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। हमला करने के बाद बदमाश दुकान के गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस व सीन ऑफ क्राइम की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। बिलासपुर थाना पुलिस ने मामले में तीन अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छोटा बस स्टैंड पर स्थित अनिल करियाना स्टोर के मालिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी दुकान के बाहर एक बाइक पर तीन नकाबपोश युवक आकर रुके। उसमें से एक युवक बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दो अन्य युवक दुकानदार अनिल कुमार के पास चले गए। एक युवक ने दुकान अनिल कुमार से कहा कि जितने भी पैसे तुम्हारे गल्ले में है, सभी दे दो। अनिल कुमार ने उनका विरोध किया तो बदमाशों ने गंडासी से उस पर वार कर दिया। इस हमले में अनिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरे युवक ने मौका पाकर उसके गल्ले से सारे रुपये निकाल कर फरार हो गया। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन की। सीसीटीवी में दो नकाबपोश युवक दुकानदार अनिल कुमार पर गंडासी से हमला करते हुए और गल्ले से रुपये लूटते हुए कैद हुए है। पुलिस ने मामले में दो अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।