यमुनानगर। दोस्तों के साथ घूमने निकला एक युवक दादूपुर हेड के पास पश्चिमी यमुना नहर में डूब गया। इससे पहले दोस्तों ने उसे नहाने से मना किया, लेकिन नहर में नहाने की जिद उसके जान पर भारी पड़ गई। दोस्तों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह गहरे पानी में समा गया। इसकी सूचना दोस्तों ने पुलिस और परिजनों को दी। गोताखोर राजीव ने टीम के साथ नहर में डूबे युवक की काफी तलाश की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया।
छछरौली निवासी बिल्लू (38) शनिवार को अपने चार दोस्तों के साथ घूमने के लिए दादूपुर हेड पर गया था। दोपहर बाद करीब चार बजे गर्मी से राहत पाने के लिए बिल्लू ने नहर में नहाने की जिद की। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसके दोस्तों ने नहाने से मना किया। इस पर वह अकेला ही नहर में नहाने चला गया। नहाते हुए वह अधिक गहराई में चला गया और देखते ही देखते नहर में डूब गया। दोस्तों की सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। साथ ही गोताखोर राजीव को बुलाया गया, लेकिन काफी तलाश के बाद भी डूबे युवक का सुराग नहीं लग सका। एसआई सुभाष का कहना है कि नहर में डूबे युवक की तलाश की जा रही है। देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चला था। रविवार को फिर से तलाश की जाएगी। विदित हो कि उक्त नहर में माहभर में 14 लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है।