{"_id":"6511e2d09b4e39d38005e267","slug":"sent-to-armenia-in-the-name-of-sending-him-to-italy-spent-25-days-on-the-streets-yamuna-nagar-news-c-246-1-sknl1019-6316-2023-09-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"Yamuna Nagar News: इटली भेजने के नाम आर्मेनिया भेजा, सड़कों पर काटे 25 दिन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Yamuna Nagar News: इटली भेजने के नाम आर्मेनिया भेजा, सड़कों पर काटे 25 दिन
विज्ञापन
विज्ञापन
यमुनानगर। इटली भेजने के नाम पर दो भाइयों व उनकी मां ने पंजेटो का माजरा निवासी गौतम से चार लाख 20 हजार रुपये लेकर हड़प लिए। रुपये लेने के बाद आरोपियों ने उसे इटली की जगह आर्मेनिया भेज दिया। वहां एक आरोपी ने उससे मारपीट की और कमरे से निकाल दिया। पीड़ित युवक ने 20-25 दिन आर्मेनिया की सड़कों पर काटे। बाद में उसकी मां ने एक्टिवा गिरवी रखकर उसकी वापसी की टिकट कराई। जिसके बाद वह वापस भारत पहुंचा। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपी भाइयों व उनकी मां के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंजेटो का माजरा निवासी गौतम ने फर्कपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती दस जून को गांव देहरा निवासी अरुण कुमार अपनी मां रज्जी के साथ उनके पड़ोस में अपनी बुआ के घर आए थे। तब उसकी अरुण कुमार से विदेश जाने को लेकर बातचीत हुई। अरुण ने उसे बताया कि उसका भाई विशाल आर्मेनिया देश में रहता है। उसने कई लोगों को आर्मेनिया व अन्य देशों में भेजा है। पड़ोसियों के साथ रिश्तेदारी होने के कारण उसे अरुण पर विश्वास हो गया। तब उसने इटली जाने के बारे में आरोपी से बात की। आरोपी अरुण ने उसे अपने भाई विशाल का मोबाइल नंबर देकर इटली जाने के संबंध में बातचीत करने को कहा। उसने आरोपी विशाल के पास फोन कर इटली जाने की प्रक्रिया और खर्च पूछा। आरोपी ने उसे कहा कि वैसे तो इटली जाने के लिए दस से 12 लाख रुपये लगते है, लेकिन वह उनके रिश्तेदार का पड़ोसी है, इसलिए वह उसे आठ लाख रुपये में इटली भेज देंगे। आरोपी ने उसे बताया कि इटली जाने के लिए पहले आर्मेनिया जाना पड़ेगा। वहां दो-तीन दिन रुकने के बाद सीधा इटली भेजा दिया जाएगा। तब आरोपी ने उसे फोटो, पेन कार्ड, आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज और 4 लाख 20 हजार रुपये पहले देने को कहा। बाकी रकम इटली जाने के बाद देनी तय हुई। उसने सभी दस्तावेज व फोटो आरोपी को व्हाट्सएप पर भेज दी। रुपये देने के लिए आरोपी ने उसे अपने भाई अरुण से मिलने को कहा। वह अपनी मां सोना देवी के साथ अरुण और उसकी मां रज्जी से मिला। आरोपियों ने उसे इटली भेजने की पूरी जिम्मेवारी ली। न भेजने पर पूरे रुपये देने का वादा किया। इसके बाद 20 जून को उसने 25 हजार रुपये आरोपी विशाल और चार जुलाई को 50 हजार रुपये आरोपी अरुण को गूगल पे के माध्यम से भेजे। इसके बाद आरोपी विशाल ने एक जुलाई को उसे वीजा भेजा। आरोपी विशाल ने उसे बताया कि यह तीन माह को टूरिस्ट वीजा है। उसे केवल दो-तीन दिन आर्मेनिया के शहर येरेवान में रहना पड़ेगा। इसके बाद उसे इटली भेज दिया जाएगा।
विज्ञापन
आर्मेनिया पहुंचे तो आरोपी बोला, हमारा तो यही इटली है
गौतम ने बताया कि आरोपी विशाल ने 15 जुलाई की सुबह पांच बजे जयपुर से उसकी फ्लाइट बताई। इसके बाद वह घर से अपने खर्च के लिए 55 हजार रुपये लेकर 15 जुलाई को जयपुर पहुंचा। यहां से सुबह पांच बजे वह फ्लाइट में बैठा। शाम को वह येरेवान पहुंच गया। जहां उसे आरोपी विशाल व उसके दो साथी मिले। वे उसे एक फ्लैट पर लेकर चले गए। जहां पहले से 20-22 विभिन्न देशों के नागरिक थे। जब उसने विशाल से इटली जाने के बारे में पूछा तो आरोपी उसे प्रताड़ित करने लगा। आरोपी ने उसे कहा कि हमारा तो इटली यही है। आरोप है कि आरोपी ने उससे 55 हजार रुपये व उसके सभी कागजात भी छीन लिए। आरोपी ने उससे उसकी मां के पास फोन करवाकर बाकी के रुपये भी भेजने को कहा। रुपये न भेजने पर उसे जान से मारने की धमकी दी।
विज्ञापन
इस संबंध में फर्कपुर थाना प्रभारी शीलावंती का कहना है कि मामले में आरोपी अरुण, उसके भाई विशाल व मां रज्जी पर धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।