जठलाना। करीब 20 फीट जमीन के टुकड़े के लिए बड़े भाई ने अपने परिवार व रिश्तेदारों के साथ मिल छोटे भाई के ऊपर पेट्रोल छिड़क कर उसे आग से जला दिया। सूचना मिलते ही पुलिस व सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। टीम को मौके पर पेट्रोल की खाली बोतल, माचिस की डिब्बी व जली हालत में कमीज मिली। पीड़ित व्यक्ति ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। शिकायत पर पुलिस ने अनिल कुमार, उषा रानी, दर्शन सिंह उर्फ पम्मी व अजय कुमार के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव उन्हेंडी निवासी सुनील कुमार ने बताया कि उसका अपने बड़े भाई अनिल कुमार के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। जमीन से संबंधित एक केस कोर्ट में विचाराधीन है। 18 अप्रैल की दोपहर भाई अनिल कुमार व भाभी उषा रानी उसके घर आए और कहने लगे कि जो केस कोर्ट में चल रहा है, उसे घर बैठकर ही निपटा लेते हैं। वह उस समय खाना खा रहा था। उसने कहा कि खाना खाकर बात करते हैं। इस पर भाभी उषा रानी ने कहा कि खाना खाकर पशु बाड़े में आ जाना। इस दौरान भाभी का भाई दर्शन सिंह उर्फ पम्मी व अनिल कुमार का बड़ा बेटा अजय कुमार भी मौके पर आ गए। उनके कहने पर वह पशु बाड़े में चला गया। उक्त सभी ने उसे अपने बीच में बिठा लिया। तभी दर्शन सिंह उर्फ पम्मी ने उसके ऊपर पेट्रोल डाल आग लगा दी। शोर सुनकर उसकी बड़ी बेटी किंजल मौके पर आ गई और उसने पानी की बाल्टी उसके ऊपर डाल कर आग बुझाई। इस दौरान आस-पड़ोस के लोग भी मौके पर आ गए, जिन्हें देख आरोपी वहां से भाग निकले।