रादौर। चोरों ने मंगलवार की रात को शहर के सर छोटूराम चौक (मंडी चौक) पर स्थित एक करियाने व केमिस्ट की दुकानों को अपना निशाना बनाया। चोरों ने करियाने व केमिस्ट की दुकानों की सीढ़ियों की दीवार तोड़कर दुकान से हजारों रुपये का सामान व नगदी चुरा ली। सूचना मिलने पर सुबह पुलिस व सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। सीन ऑफ क्राइम की टीम ईचार्ज डॉ. चंद्रशेखर ने मौके से सबूत जुटाए। पुलिस ने प्रभावित दुकानदार की शिकायत पर अज्ञात के विरूद्ध चोरी का मामला दर्ज किया।
सर छोटूराम चौक पर लाल करियाना स्टोर चलाने वाले मदन लाल, मनोज व सुरेंद्र ने बताया कि चोरों ने उनकी सीढ़ियों की दीवार को तोड़कर दुकान में प्रवेश किया। जिसके बाद चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ डाला। अज्ञात लोगों ने दुकान से काजू, बादाम, छोटी इलायची, शैंपू, घी, रिफाइंड, चाय की पत्ती के पैकेट व अन्य सामान के अलावा गल्ले को तोड़कर लगभग आठ हजार रुपये की नकदी चुरा ली। जिससे उन्हें लगभग एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। उधर पास में बांगड़ मेडिकल स्टोर चलाने वाले रजत बांगड़ निवासी मेहरा ने बताया कि चोरों ने उसकी दुकान की सीढ़ियों की दीवार तोड़कर दुकान में प्रवेश किया। अज्ञात लोगों ने उसकी दुकान के गोलक से लगभग पांच हजार रुपये नकदी चुरा ली।