बुड़िया थाना क्षेत्र के गांव जयरामपुर में विवादित जमीन के बंटवारे के दौरान चार लोगों ने एक व्यक्ति पर चाकू व पाटले से हमला कर घायल कर दिया। घायल व्यक्ति का उपचार अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जयरामपुर निवासी मनमोहन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती बाड़ी का काम करता है। उनकी गांव में ही जमीन है। हमारी जमीन के पास गांव के ही शिव चरण, उसके भाई मोहन, प्रदीप व कुलदीप की भी खेती बाड़ी की जमीन है। जमीन को लेकर काफी दिनों से हमारा आपस में तकरार चल रहा था। 12 मई की सुबह करीब 11 बजे दोनों पक्ष आपसी सहमति से विवादित जमीन को तकसीम कर रहे थे। इसी दौरान शिव चरण, मोहन, प्रदीप व कुलदीप ने मिलकर उसके साथ गाली गलौच करना शुरू कर दिया। बहस बढ़ने पर आरोपी चाकू, पाटले व तेजधार हथियार लेकर आए। आरोप है कि इस दौरान आरोपी प्रदीप ने उसकी बाईं टांग पर चाकू से वार किया। वहीं कुलदीप ने उसकी दाहिनी टांग पर पाटले से वार किया। वहीं, आरोपी शिवचरण व कुलदीप ने डंडों से उस पर वार किए। जिससे वह घायल हो गया। जब आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हुए तो आरोपी वहां से फरार हो गए। लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे उपचार दिया गया। बुड़िया थाना प्रभारी लज्जा राम ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।