यमुनानगर: नागल में दो समुदायों में खूनी संघर्ष के बाद थाना प्रभारी और हेड कांस्टेबल सस्पेंड, गांव में तनाव बरकरार
जठलाना के नए थाना प्रभारी ने पदभार संभालते ही गांव का दौरा कर जायजा लिया। तीन अन्य थाना प्रभारियों और एक चौकी इंचार्ज को भी इधर से उधर किया गया। मामले में पांच आरोपियों की भी पुलिस ने गिरफ्तारी की।
विस्तार
हरियाणा के यमुनानगर के गांव नागल में दो समुदायों के बीच खूनी संघर्ष के बाद एसपी ने रातों रात जठलाना थाना प्रभारी पूर्ण सिंह और हेड कांस्टेबल संदीप को सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही मंगलवार सुबह नए थाना प्रभारी ने पदभार संभालते ही नागल गांव का दौरा किया और लोगों से बातचीत की। यही नहीं घटना के बाद तीन अन्य प्रभारियों (यमुनानगर सदर, गांधीनगर, फर्कपुर) सहित एक चौकी इंचार्ज (रामपुरा) को भी तत्काल प्रभाव से बदल दिया गया है। दूसरी ओर एक पक्ष की शिकायत पर केस दर्ज करने के बाद पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।
साढ़े तीन माह के अंतराल में नागल गांव में दो समुदायों के बीच दूसरी बार खूनी संघर्ष से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। पहले बुलेट पटाखे बजाने को लेकर और फिर डीजे बजाने को लेकर नागल में खूनी संघर्ष के बाद अभी तनाव बरकरार है। पुलिस की ओर दोनों समुदाय के लोगों की शांति कमेटी बनाकर मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं एक पक्ष की ओर से दी गई शिकायत पर 33 के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले में मंगलवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं, जिनके लिए दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को बुधवार की सुबह कोर्ट में पेश किया जाएगा।
गांव में अभी तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति पर नियंत्रण व नजर रखने के लिए डीएसपी रादौर रजत गुलिया को पुलिस बल के साथ गांव में ही तैनात किया गया है। मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस को शिकायत दी गई है, जिसकी जांच की जा रही है।
जठलाना थाना प्रभारी पूर्ण सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। गांव में शांति के लिए पीस कमेटी बनाई गई है। दोनों पक्षों के लोगों से बात की जा रही है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में हैं। पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। गांव में शांति बनी रहे, इसके लिए सभी आवश्यक बंदोबस्त किए गए हैं। -कमलदीप गोयल, एसपी, यमुनानगर।