यमुनानगर। लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों से फिर से साल 2020 याद आ रहा है। शनिवार को बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित पाए गए। जबकि रादौर स्कूल के तीन स्कूलों में 11 विद्यार्थी कोरोना की चपेट में मिले हैं। विद्यार्थियों के संक्रमित होने से क्षेत्र के लोगों को बच्चों की चिंता सताने लगी है। इनके सहित जिले में कुल 69 लोग संक्रमित पाए गए हैं। रादौर के दामला स्थित सरकारी स्कूल में 135 विद्यार्थियों की जांच की गई तो आठ छात्राओं सहित 10 विद्यार्थी संक्रमित मिले।
सरकारी स्कूल दामला में पढ़ने वाली गांव की 6 छात्राएं, गांव धौडंग की 3 छात्राएं व खुर्दी से एक विद्यार्थी संक्रमित पाया गया है। अब तक जिले में कुल 7632 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जिनमें से 80 यमुनानगर के बाहर अन्य स्थानों के हैं। वहीं 43 मरीज ठीक हो गए हैं। जिले में 284 संक्रमितों को घर पर ही आइसोलेट किया गया है। अब जिले में कोरोना के 342 सक्रिय मरीज हैं, जिनमें 19 एक्टिव केस दूसरे जिले व राज्यों के अस्पतालों में हैं। 39 मरीज यमुनानगर के अस्पतालों में दाखिल हैं। सिविल सर्जन डॉ. विजय दहिया ने बताया कि शनिवार शाम तीन बजे तक कोविड-19 टीम ने 728 नमूने लिए हैं और यह प्रक्रिया जारी है। अभी तक कुल 232263 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 222188 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि 2119 लोगों की रिपोर्ट आना अभी बाकी है।