Haryana: सात राइस मिलों में गबन का मामला, सीआईए-वन ने आरोपी को राजस्थान से किया गिरफ्तार
सात राइस मिलों में करीब 75 करोड़ रुपये के धान के गबन मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी राइस मिलर संदीप सिंगला को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है।
विस्तार
प्रतापनगर, छछरौली व रणजीतपुर की सात राइस मिलों में करीब 75 करोड़ रुपये के धान का घोटाला करने के आरोपी राइस मिलर संदीप सिंगला मंगलवार को गिरफ्तार हो गया। एसआईटी ने संदीप सिंगला को राजस्थान से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। अदालत ने आरोपी को छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। मामले की जांच के लिए बनी एसआईटी ने संदीप सिंगला से पूछताछ शुरू कर दी है।
मांडखेड़ी रोड निवासी संदीप सिंगला की गिरफ्तारी के बाद धान घोटाले की परतें जल्दी खुलने की उम्मीद जग गई है। फरार होने के बाद से वह राजस्थान में ही छिपा था। एसआईटी बनने के बाद से आरोपी की गिरफ्तारी जल्द होने की उम्मीद जगी थी। पुलिस को सूत्रों से सूचना मिली थी कि संदीप सिंगला राजस्थान में देखा गया है। इस पर पुलिस सोमवार को ही राजस्थान में पहुंच गई थी। वहां से गिरफ्तार करके आरोपी को यमुनानगर लाया गया।
कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद उसे व्यासपुर न्यायालय में पेश किया। 13 नवंबर को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निदेशक अंशज कुमार ने टीम के साथ उनकी चार राइस मिलों में जाकर जांच की थी। जिसमें उसकी राइस मिलों में धान का स्टॉक कम मिला था। इसके बाद छछरौली व रणजीतपुर की मिलों में भी जांच की गई तो वहां भी स्टॉक नहीं मिला था। उसी दिन संदीप सिंगला व उनकी पत्नी रितिका सिंगला पर थाना प्रतापनगर व थाना व्यासपुर में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच के लिए एसपी कमलदीप गोयल ने डीएसपी रजत गुलिया के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया था।
संदीप सिंगला को गिरफ्तार करके कोर्ट से छह दिन के रिमांड पर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जाएगी कि धान का गबन कैसे किया गया। रिमांड में जिसके भी नाम सामने आते रहेंगे उनसे भी पूछताछ की जाएगी। - डीएसपी रजत गुलिया, एसआईटी इंचार्ज।