Haryana: होडल में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का हंगामा, नेशनल हाईवे पर घंटों जाम; कर रहे ये मांग
यूपी के बजरंग दल गौ रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। घंटों तक जाम लगा रखा है। कार्यकर्ताओं की मांग थी जब तक मुस्लिम समुदाय के लोगों पर कार्रवाई नहीं होगी और यात्रा में शामिल उनके लोग वापस नहीं आएंगे।
विस्तार
हरियाणा यूपी सीमा पर स्थित टोल टैक्स प्लाजा के पास यूपी बजरंग दल और गौ रक्षा दल के सदस्यों ने नूंह में हुए सांप्रदायिक झगड़े में शामिल मुस्लिम समुदाय के लोगों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। हाईवे पर जाम लगने से यूपी और हरियाणा की सीमा में कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। जाम की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी महेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए लेकिन गौ रक्षा दल और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जाम नहीं खोला।
नूंह मेवात में विश्व हिंदू परिषद और मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी की तरफ से निकाली जा रही ब्रजमंडल यात्रा के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने यात्रा कर रहे लोगों पर पथराव कर दिया और उनकी गाड़ियां जला दी। इस झगड़े में पुलिस की होमगार्ड की मौत हो गई और दर्जनों पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं।
मेवात में हुई सांप्रदायिक घटना के बाद हरियाणा की सीमा से लगते यूपी के गौ रक्षा दल और बजरंग दल के कार्यकर्ता सोमवार की देर सांय नेशनल हाईवे पर करमन बॉर्डर पर लगे टोल टैक्स प्लाजा पर पहुंच गए और उन्होंने यूपी और हरियाणा दोनों तरफ से आ रहे वाहनों को रोककर हाईवे को जाम कर दिया।
कार्यकर्ताओं की मांग थी जब तक मुस्लिम समुदाय के लोगों पर कार्रवाई नहीं होगी और यात्रा में शामिल उनके लोग वापस नहीं आएंगे तब तक जाम नहीं खुलेगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने जाम खुलवाने के लिए कई बार उनसे बात की लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। खबर लिखे जाने तक हाइवे जाम नहीं खुल पाया।