दोस्तों के साथ नहाने गया था युवक: लेन-देन के विवाद को लेकर हुआ झगड़ा, सुबह मिला खून से लथपथ शव
युवक अपने दोस्तों के साथ नहाने गया और रातभर नहीं लौटा। सुबह पुलिस ने परिजनों को युवक की मौत की जानकारी दी। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर नौ लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। डिटेल में पढ़ें खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महम रोड स्थित डोमेस्टिक फूड पिजा प्वाइंट पर झगड़े में विवाद के बाद युवक की हत्या कर दी गई। युवक रविवार शाम को घर से दोस्तों संग नहाने की बात कहकर निकला था। रात को मां से बात होने के बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। सोमवार सुबह पुलिस ने युवक की मौत की जानकारी दी।
रात भर घर नहीं आया युवक
सेक्टर-7 निवासी रिटायर शिक्षक सुभाष चंद्र ने पुलिस को बताया कि उनका बड़ा बेटा अमित कुमार रविवार शाम साढ़े छह बजे घर से निकला था। बेटे ने कहा था कि वह दोस्तों के साथ नहाने जा रहा है। रात को वह आठ बजे तक घर नहीं आया तो उन्होंने कई बार कॉल की, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। रात साढ़े नौ बजे अमित की मां ने जब अपने बेटे को कॉल की तो उसने बताया कि वह दोस्त सुरेंद्र, विशाल व रॉकी के साथ नहाने गया है। वह दो घंटे बाद घर आ जाएगा। उसके बाद उसने अपनी मां के पास अपने फोटो भी भेजे। देर रात तक वह घर नहीं आया और उसका मोबाइल नंबर भी बंद आने लगा।
सुबह मिला शव
सोमवार तड़के चार बजे पुलिस टीम उनके घर पहुंची और बताया कि अमित की मौत हो गई है। भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में शव है। उन्हें पता चला कि अमित का महम रोड स्थित डोमेस्टिक फूड पिजा प्वाइंट पर झगड़ा हुआ। वह घटनास्थल पर गए तो पता चला कि इस दुकान से पहले सेक्टर-7 में भी झगड़ा हुआ था। परिजनों ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की दुकानदार मोनू, उसके साथी नीटू, सचिन, शुभम, शिवम, नवीन, सुरेंद्र, विशाल व रॉकी ने अपने अन्य साथियों के साथ साजिश रचकर हत्या की। अमित ने उन्हें बताया था कि इनके साथ उनका लेन-देन है, जिसके चलते हत्या की गई। घटना की सूचना के बाद सोमवार को एसीपी निधि नैन ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले में नौ आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
परिजनों ने बताया कि नहाने के बाद युवक दुकान पर गया, जहां पर उनका झगड़ा हुआ। उसके हाथ पर शीशे के कटने के घाव थे और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस को भी देर रात सूचना मिली थी कि युवक शीशे के दरवाजे से टकराकर घायल हुआ है।
युवक की मौत मामले में गहनता से जांच की जा रही है। मृतक के पिता की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की सभी पहलुओं पर जांच कर ठोस कार्रवाई की जाएगी। -निधि नैन, एसीपी गोहाना
ये भी पढ़ें: हरियाणा और यूपी के किसानों में सीमा विवाद: चली ताबड़तोड़ गोलियां, मौके पर पहुंची पुलिस